Header Ads

सबसे तेज खबर

पति की दीर्घायु व अखंड सौभाग्य को रखा सुहागिनों ने उपवास

गौरव जैन



रामपुर। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष चतुर्थी को मनाया जाने वाला करवाचौथ पर्व बुधवार को मनाया गया। इस पर्व पर सुहागन महिलाएं उपवास रखकर रात में चंद्रमा के उदय होते ही अ‌र्ध्य देकर पति की दीर्घायु एवं अखंड सौभाग्य की कामना करती है। इस समय त्योहारों पर कोरोना का ग्रहण लगा हुआ है। अपने-आपको व परिवार को बचाते हुए त्योहार को मनाया गया। पर्व को लेकर सुहागन महिलाओं में काफी उत्साह रहा। पूजन को लेकर महिलाएं तैयारियों में जुटी रही। बता दें कि
करवाचौथ पर्व सुहागन महिलाओं के लिए विशेष पर्व है। इस पर्व का महिलाओं को साल भर इंतजार रहता है। पुरानी परंपरा के अनुसार पर्व को लेकर मेहंदी रचाने व सजने-संवरने का दौर चलता रहता है। पहले तो महिलाओं की टोली आस पड़ोस के घर में एकत्रित होती थी और एक-दूसरे को मेहंदी लगाने का दौर शुरू हो जाता था। यह सिलसिला कई दिनों तक चलता रहता था और मंगलगीत भी गाए जाते थे। लेकिन समय में परिर्वतन होते ही मंगलगीत की धुन सुनाई नहीं पड़ती है। शहर से लेकर गांव तक ब्यूटी पार्लर खुल चुका है जहां महिलाओं को समय के हिसाब से सजने-संवरने के लिए पूरी सुविधा उपलब्ध है। आज के दौर में महिलाएं सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लर पहुंच हजारों रूपये खर्च करती हैं। करवा चौथ को लेकर ब्यूटी पार्लर में महिलाओं की भीड़ जुट रही।

कोरोना और महंगाई ने गिफ्ट के लेन-देन पर लगाया ग्रहण

करवा चौथ पर पति द्वारा पत्नी को गिफ्ट देने का रीति-रिवाज चला आ रहा है। पति अपनी पत्नी को करवाचौथ पर्व के अवसर पर सोने का गहना समेत अन्य गिफ्ट के रूप में देते हैं। लेकिन इस बार कोरोना महामारी की मार व मंहगाई ने सोने का गिफ्ट आदि पर ग्रहण लगा दिया है। स्वर्ण व्यवसायी वीरेश सिंघल ने बताया कि हर साल करवा चौथ पर सोने-चांदी की अच्छी बिक्री होती थी। लेकिन इस साल कोरोना की मार व मंहगाई से लोग परेशान हैं। पर्व को लेकर ग्राहक पिछले वर्ष की तरह सोने-चांदी की खरीदारी करने नहीं पहुंच रहे हैं।


महिलाओं की जु़बानी

              रूबी अग्रवाल, नवीन अग्रवाल
रूबी अग्रवाल व नवीन अग्रवाल  मोहल्ला काज़ी गली में रहते हैं। रूबी अग्रवाल 25 साल से लगातार करवाचौथ व्रत रख रहीं हैं। उनका कहना है कि इस वर्ष कोरोना के चलते त्योहारों की रौनक समाप्त हो गई है। कोरोना ने खुशियों पर पानी फेर दिया है। हमने करवाचौथ का व्रत अपने घर पर धूमधाम से मनाया।

              अंशुुुल वैश्य, पूजा वैश्य
 नगर के आवास विकास कालोनी  में अंशुल वैश्य व पूजा वैश्य रहते हैं। दोनों की शादी के 9 साल हो चुके हैं। पूजा वैश्य का  कहना है कि आज के दौर में सजने-संवरने व बेहतर दिखने की होड़ मची है। लेकिन कोरोना के चलते इस बार हमने अपने घर में ही साज श्रंगार कर लिया। उम्मीद करते है कि अगले साल करवाचौथ का व्रत हर्षाेल्लास के साथ मनाएंगे।

               अभिषेक गर्ग , आंचल गर्ग
नगर के कूचा देवी दास निवासी अभिषेक गर्ग व आँचल गर्ग की  शादी इसी साल हुई है। इस वर्ष आँचल पहली बार व्रत रखेंगी। उनका कहना है कि पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य के लिए करवाचौथ का त्योहार मनाया जाता है। कोरोना काल में इस त्योहार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। पूरे धूमधाम के साथ त्योहार मनाया गया है।

              लव सिंघल, महिमा सिंघल
नगर के पुरानी आवास विकास कालोनी निवासी लव सिंघल एवं महिमा सिंघल की शादी पिछले साल हुई है। महिमा सिंघल का पहला करवाचौथ है उनका कहना है कि सुहागन महिलाओं के लिए करवाचौथ विशेष पर्व है। पूरे साल महिलाओं को इस त्योहार का इंतजार रहता है। मेरा पहला करवाचौथ है जिसकी पहले से तैयारी की है। श्रद्धा-भक्ति के साथ त्योहार मनाया गया।

No comments

Powered by Blogger.