मनमोहन सिंह के रामपुर के शाही परिवार से थे बहुत अच्छे रिश्ते
गौरव जैन
रामपुर। पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह के रामपुर के नवाब परिवार से बहुत अच्छे रिश्ते थे। पूर्व सांसद नवाब जुल्फिकार अली खां उर्फ मिक्की मियां, बेगम नूरबानो और पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां से उनका हमेशा लगाव रहा। पूर्व मंत्री नवेद मियां के पीआरओ काशिफ खां ने बताते हैं कि मनमोहन सिंह बहुत अच्छे इंसान थे। उनसे काशिफ खां की मुलाकात नवेद मियां के बेटे नवाबजादा अली मोहम्मद खां उर्फ कहवान मियां की शादी के कार्यक्रम में हुई थी। मनमोहन सिंह रामपुर के शाही परिवार की ओर से दिल्ली में जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस बदर दुर्रेज अहमद के आवास पर आयोजित रिसेप्शन में हिस्सा लेने आए थे। प्रधानमंत्री रहते भी उन्होंने शाही परिवार को बहुत अहमियत दी थी। बेगम नूरबानो के चुनाव प्रचार के लिए भी मनमोहन सिंह रामपुर आए थे। मनमोहन सिंह के निधन पर नवेद मियां और बेगम नूरबानो ने शोक व्यक्त किया है। नवेद मियां ने कहा है कि मनमोहन सिंह का निधन उनके परिवार के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। वो बहुत अच्छे इंसान थे। उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकेगी।
No comments