भरभराकर गिरी दीवार में दबे चार बच्चे, दो बच्चों की मौत, दो की हालात गंभीर
वरुण जैन
मकान बनाने को कच्ची दीवार के सहारे घर मे किया जा रहा था खनन का भंडारण
स्वार। क्षेत्र के उपनगर में मकान बनाने को कच्ची दीवार के सहारे घर के अन्दर खनन का भंडारण किया जा रहा था। अधिक भार के चलते दीवार भरभराकर गिर गयी। जिसकी चपेट में आकर चार बच्चे दब गए। घटना में एक बच्चे के अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गयी। जबकि दूसरे बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो बच्चे अभी भी गंभीर हालत में उत्तराखंड के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। मौके पर पहुँचे अपर पुलिस अधीक्षक ने घटना का जायजा लिया। दो बच्चों की मौत से नगर में कोहराम मचा दिया है। मृतक बच्चों के परिजनों ने मकान स्वामी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की लिखित शिकायत नहीं दिए जाने से रिपोर्ट दर्ज नहीं कि गयी है।
मामला क्षेत्र के उपनगर मसवासी चौकी क्षेत्र का है। चौकी क्षेत्र के मोहल्ला चाऊपुरा में मोहल्ला निवासी त्रिमोहन अपने मकान के निर्माण के लिये घर के अंदर रेत का भंडारण कर रहा था। जिस दीवार के सहारे रेत का भंडारण किया गया वह बिना की सपोर्ट के बनी थी। गुरुवार को एक और गाड़ी में भरकर आये रेत को भी उसी दीवार के सहारे भर दिया। रेत का भार अधिक होने के कारण दीवार भरभराकर गिर गयी। बाहर खेल रहे बच्चे दीवार की चपेट में आकर दब गए। आनन फानन में आसपास के लोगों ने बमुश्किल खून में लथपथ बच्चों को निकाला। घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को लगी तो चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार नेहवाल मय फोर्स घटनास्थल पर पहुँच गए। थोड़ी ही देर में थाना प्रभारी रूम सिंह बघेल भी पहुँच गए। पुलिस प्रशासन ने आनन फानन में बच्चों को उपचार के लिए उत्तराखंड के निजी अस्पताल में भिजवाया। घटना में आयुष पुत्र मनोज की अस्पताल ले जाते समय ही मौत हो गयी। शुक्रवार की सुबह दूसरे बच्चे शिवा पुत्र सुनील की ईलाज के दौरान मौत हो गयी। जबकि लक्की पुत्र नंदकिशोर व यश पुत्र खूबचंद की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों बच्चे उत्तराखंड के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। चारों बच्चों की उम्र सात से दस साल के बीच की बताई गई है। जानकारी पर पहुँचे अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुँच कर घटना की पूरी जानकारी ली। वहीं मृतक बच्चों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक बच्चों के परिजनों ने मकान स्वामी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी पर चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार नेहवाल ने बताया कि दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत हुई है। दो अन्य बच्चों का उपचार चल रहा है। किसी के द्वारा तहरीर नहीं प्राप्त हुई है। जिसके कारण मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया है। शिकायत तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।
No comments