बकरी चराने गया वृद्ध कोसी नदी में डूबा, घंटो मशक्कत के बाद भी नहीं मिला वृद्ध , सूचना मिलते ही घटना स्थल पर पहुँचा प्रशासनिक अमला
वरुण जैन
वृद्ध की खोजबीन को कोसी नदी में लगी रही गोताखोरों की टीम
स्वार। कोसी नदी क्षेत्र में बेटे के साथ बकरी चराने गया वृद्ध कोसी नदी में डूब गया। सूचना गाँव के लोगों को मिली तो गाँव के तैराक युवक मौके पर पहुँच गए। जानकारी मिलते ही प्रशसनिक अमला भी घटनास्थल पर पहुँच गया। गोताखोरों की टीम बुलाकर खोजबीन कराई गई। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद भी कोई सफलता नहीं मिल सकी। वहीं घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। समाचार भेजे जाने तक वृद्ध की खोजबीन जारी रही।
घटना क्षेत्र के उपनगर मसवासी चौकी क्षेत्र की है। चौकी क्षेत्र के मोहल्ला भूबरा निवासी चतर सिंह ( 65) बर्ष पुत्र पूरन सिंह अपने सत्रह वर्षीय बेटे तेजपाल के साथ कोसी नदी क्षेत्र में भेड़ बकरी चराने गया हुआ था। वेलवाड़ा में कोसी नदी के पार पशुओं को ले जाते समय वृद्ध चतर सिंह कोसी नदी के गहरे गड्ढे में डूब गया। अपने पिता को डूबता देख तेजपाल मदद के लिए चिल्लाने लगा। तैरना ना आने की वजह से तेजपाल ने मदद के लिए गांव पहुँच कर घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही गाँव के तैराक लोग मौके पर पहुँच वृद्ध को नदी में खोजने लग गए। घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक सत्ययजीत गुप्ता, एसडीएम राकेश गुप्ता, कोतवाल रूम सिंह वघेल व मसवासी चौकी प्रभारी अमर सेन भी मौके पर पहुँच गए। प्रशासन ने टांडा से गोताखोरों की टीम बुलाई। जिसके बाद गोताखोरों की टीम ने घंटो वृद्ध को खोजने का प्रयास किया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। समाचार भेजे जाने तक वृद्ध का शरीर नहीं मिल सका। गोताखोरों की टीम लगातार खोजबीन में लगी रही। घटना से वृद्ध के परिजनों में मातम छाया हुआ है।
No comments