जौहर यूनिवर्सिटी क्वारंटाइन सेंटर से कैदी भागा, मचा हड़कंप,अस्थाई जेल में शिफ्ट करते समय देखा तो था गायब
फ़राज़ कलीम खाँ
रामपुर। जौहर यूनिवर्सिटी क्वारंटाइन सेंटर से कैदी भाग जाने के बाद पुलिस एवं अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बलात्कार के आरोपी को कोरोना पॉजिटिव होने के बाद यहां भर्ती कराया गया था। देर रात अस्थाई जेल में शिफ्ट करने के लिए आरोपी को गायब देखा तो पुलिस के होश उड़ गए। पुलिस की टीमें आरोपी को आसपास के क्षेत्र में तलाश कर रही हैं। मामला मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी रामपुर का है। प्रशासन ने यूनिवर्सिटी के मेडिकल कॉलेज को क्वारंटाइन सेंटर बनाया हुआ है। कुछ दिन पहले जेल में बंद 12 कैदी कोरोना पॉजिटिव आए थे। प्रशासन ने सभी को जौहर यूनिवर्सिटी क्वारंटाइन सेंटर में भर्ती कराया था। 1 दिन पहले शासन से आदेश आया कि कैदियों के लिए अस्थाई जेल को ही क्वारंटाइन सेंटर बनाया जाए। रात करीब 9 बजे जेल से वाहन कैदियों को लेने जौहर यूनिवर्सिटी पहुंच गया। कैदियों को गाड़ी में बैठाया तो उसमें बलात्कार का आरोपी सलीम नाम का कैदी गायब था। कैदी को गायब देख पुलिस के होश उड़ गए। आनन-फानन में आरोपी को आसपास के जंगलों में तलाश किया गया लेकिन दिन निकलने तक आरोपी का कहीं भी सुराग नहीं लगा।
No comments